CBSE Hindi Grammar Class 8 पुनरुक्ति शब्द Punarukti Shabd | Meaning of Punarukti Shabd, Definition, Examples,
पुनरुक्ति शब्द Punarukti Shabd – पुनर्क्ति शब्द संस्कृत का एक शब्द है जिसका अर्थ है वाक्य या पद्य में एक ही शब्द या वाक्यांश को दोहराना। “पुनरुक्ति” शब्द का अर्थ ही है “जो कुछ कहा गया है उसे दोहराना।” इस तरह की पुनरावृत्ति अक्सर प्राचीन भारतीय कविता और साहित्य में इस्तेमाल की जाती थी। जब इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाता है, तो यह लेखन को अधिक लयबद्ध, सार्थक या भावनात्मक बना सकता है। पुनर्क्ति के बारे में जानने से हमें भारतीय साहित्यिक परंपराओं की सुंदरता और शैली को समझने में मदद मिलती है। इस पोस्ट में हमने पुनर्क्ति शब्द क्या है, पुनर्क्ति शब्द के प्रकार और उस के उदाहरण दिए हैं।
- Punarukti Shabd Definition
- Punarukti Shabd Examples
- Punarukti Shabd Types
- Solved Questions on Punarukti Shabd
- Exercises on Punarukti Shabd – Practice Questions
पुनरुक्ति शब्द परिभाषा (Punarukti Shabd Definition)
पुनरुक्ति शब्द दो शब्दों के योग से बना है – पुनः + उक्ति = पुनरुक्ति। पुनरुक्ति का अर्थ होता है – आवृति, पुनरावृति या दोहराना। साधारण शब्दों में कहा जाए तो एक ही शब्द को फिर से कहने या दुबारा कहने को पुनरावृति या पुनरुक्ति कहते हैं। जब एक ही शब्द वाक्य में दो बार प्रयुक्त होता है और विशेष अर्थ दर्शाता है तो उसे पुनरुक्त शब्द कहते हैं। इसकी सहायता से हिन्दी में बहुत सारे शब्द बने हैं। जैसे – बार-बार, धीरे-धीरे, वाद-विवाद, चलना-फिरना इत्यादि।
पुनरुक्ति शब्द उदाहरण (Punarukti Shabd Example Sentences)
- गरम-गरम खाना खा लो। (पूर्ण पुनरुक्ति)
- जल्दी-जल्दी घर चलो।(पूर्ण पुनरुक्ति)
- पक्ष-विपक्ष पर ध्यान रखो।(अपूर्ण पुनरक्ति)
- घूमना-फिरना सेहत के लिए अच्छा होता है।(अपूर्ण पुनरक्ति)
- दर्शक हँसते-हँसते लोट-पोट हो गए। (अपूर्ण पुनरक्ति)
अन्य उदाहरण – पुनरक्ति शब्द का प्रयोग संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया, क्रिया विशेषण, विस्मायादि बोधक, तथा विभक्ति लगा कर भी किया जाता है।
जैसे –
संज्ञा पुनरक्ति –
बच्चा-बच्चा भगवान् का रूप है। (हर एक बच्चा)।
घर-घर की एक कहानी। (हर घर की)
उपरोक्त वाक्यों में बच्चा-बच्चा, घर-घर संज्ञा पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि बच्चा व् घर संज्ञा शब्द हैं।
सर्वनाम पुनरक्ति –
अपने-अपने घर जाओ।
जिसने-जिसने काम नहीं किया है, वे-वे कक्षा से बाहर चले जाएँ ।
कौन-कौन बाजार जा रहा है?
उपरोक्त वाक्यों में अपने-अपने, वे-वे, कौन-कौन सर्वनाम पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि अपने, वे, कौन शब्द सर्वनाम शब्द हैं।
विशेषण पुनरक्ति –
सुंदर-सुंदर फूल खिले हैं।
काली-काली गाएँ।
पीले-पीले आम।
उपरोक्त वाक्यों में सुंदर-सुंदर, काली-काली, पीले-पीले विशेषण पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि सुंदर, काली, पीले शब्द विशेषण शब्द हैं।
क्रिया पुनरक्ति –
पिता जी इतने आम लाए कि हम खाते-खाते ऊब गए।
हम पैदल चलते-चलते घर गए।
हम लिखते-लिखते थक गए।
उपरोक्त वाक्यों में खाते-खाते, चलते-चलते, लिखते-लिखते क्रिया पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि खाते, चलते, लिखते क्रिया शब्द हैं।
क्रिया विशेषण पुनरक्ति –
राम बहुत धीरे-धीरे पढ़ाई करता है।
हम दोनों पास-पास रहते हैं।
उपरोक्त वाक्यों में धीरे-धीरे, पास-पास क्रिया विशेषण पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि धीरे, पास क्रिया विशेषण शब्द हैं।
विस्मयादि बोधक पुनरक्ति –
छि:-छि:! कितनी गंदगी बदबू है।
राधे-राधे! गुरु जी।
उपरोक्त वाक्यों में छि:-छि:!, राधे-राधे! विस्मयादि बोधक पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि इन शब्दों के आगे विस्मयादि बोधक चिह्न प्रयोग हुआ है।
विभक्ति लगा कर पुनरक्ति –
मेरे घर के सारे के सारे बुजुर्ग पहाड़ी बोलते हैं।
बाढ़ से फसल-की-फसल बर्बाद हो जाती है।
उपरोक्त वाक्यों में सारे के सारे व् फसल-की-फसल विभक्ति लगा कर पुनरक्ति के उदाहरण हैं क्योंकि इन शब्दों के मध्य विभक्ति का प्रयोग हुआ है।
पुनरुक्ति शब्द के प्रकार (Types of Punarukti Shabd)
पुनरक्ति मुख्यतः तीन प्रकार की होती है –
1 – पूर्ण पुनरुक्ति
2 – अपूर्ण पुनरक्ति
3 – अनुकरण वाचक पुनरुक्ति
1 – पूर्ण पुनरुक्ति – जब वाक्य में एक ही प्रकार के सार्थक शब्द की आवृत्ति होती है, तब उसे पूर्ण पुनरुक्ति कहा जाता है।
दूसरे शब्दों में कहा जा सकता है है कि किसी भी शब्द के लगातार एक, दो या तीन बार दोहराए जाने को पूर्ण पुनरुक्ति कहा जाता है। इन सब में किसी भी प्रकार के संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया एवं अन्य कई प्रकार के शब्दों की पुनरुक्ति हो सकती है।
जैसे – धीरे-धीरे, चल-चल, दौड़ते-दौड़ते, खाते-खाते, सुन्दर-सुन्दर, मोटा-मोटा इत्यादि।
कभी-कभी शब्दों की पुनरुक्ति के साथ-साथ उनके बीच में ‘ही’ का प्रयोग होता है।
जैसे – दूध-ही-दूध, आग-ही-आग, जंगल-ही-जंगल, बातों-ही-बातों में, मन-ही-मन में इत्यादि।
पूर्ण पुनरुक्ति के कुछ वाक्य –
- छोटी-छोटी बूंदें बरस रही है।
- वृन्दावन में सभी भक्त राधा रानी की जय-जय कर रहे हैं।
- गिर-गिर कर संभालना ही जीवन है।
- देर हो जाने के कारण बच्चे दौड़ते दौड़ते स्कूल पहुँचे।
- विद्यार्थी गुरु जी के पीछे-पीछे चल रहे हैं।
- छोटा बच्चा माँ को याद करके रोते-रोते सो गया।
2 – अपूर्ण पुनरक्ति – जब वाक्य में भिन्न प्रकार के सार्थक या निरर्थक शब्दों की आवृत्ति होती है, तब अपूर्ण पुनरुक्ति होती है।
दूसरे शब्दों में कहा जा सकता है कि अपूर्ण पुनरुक्ति के दौरान शब्दों को दोहराया तो जाता है लेकिन वे शब्द समान नहीं होते।
साधारण शब्दों में कहा जा सकता है कि ऐसे शब्द दो सार्थक शब्दों के मेल से बनते हैं परन्तु जिनमें कभी-कभी उत्तरपद निरर्थक होता है, फिर भी उत्तरपद पहले का समानुप्रास होता है।
जैसे – आमनेसामने, आसपास, उलटापुलटा, टेढ़ामेढ़ा, टालमटोल, देखभाल, पूछताछ इत्यादि।
अपूर्ण पुनरक्ति के कुछ वाक्य –
- हंसते-बोलते रहने से जीवन का सफ़र आसान हो जाता है। (सार्थक शब्द )
- आशा है कि आपके घर पर सब कुशल-मंगल होंगे। (सार्थक शब्द)
- आधार के पैसे लौटाने के लिए सभी टालमटोल करते हैं। (निरर्थक शब्द)
- चोरी की खबर सुनते ही पुलिस सभी से पूछताछ करने लगी। (निरर्थक शब्द)
अपूर्ण पुनरक्ति तीन प्रकार से होती है –
(i) दो सार्थक शब्दों के मेल से – इस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति में दूसरा शब्द पहले शब्द का समानुप्रास होता है।
जैसे –
संज्ञा – बाल-बच्चे, काम-काज, बीच-बचाव, कंकड़-पत्थर इत्यादि
विशेषण – काला-कलूटा, अन्धा-काना, गूंगा-बहरा, टूटा-फूटा, फटा-पुराना इत्यादि
क्रिया – हँसना-खेलना, खाना-पीना, लेना-देना इत्यादि
अव्यय – इधर-उधर, जैसे-तैसे, जहाँ-तहाँ, आर-पार, जब-तब इत्यादि।
(ii) दो निरर्थक शब्दों के मेल से – इस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति में दोनों शब्द निरर्थक होते हैं और एक-दूसरे के समानुप्रास होते हैं।
जैसे – अंट-शंट, अगड़म-बगड़म, अटर-पटर, हट्टा-कट्टा, उजुल-फुजूल इत्यादि।
(iii) एक सार्थक और दूसरा निरर्थक शब्दों के मेल से – इस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति में निरर्थक शब्द सार्थक शब्द का समानुप्रास होता है।
जैसे –
संज्ञा – टाल-मटोल, पूछ-ताछ, बात-चीत, भीड़-भाड़ इत्यादि
विशेषण – ठीक-ठाक, टेड़ा-मेढ़ा, भोला-भाला, उल्टा-पुल्टा, सीधा-साधा इत्यादि
क्रिया – चलना-फिरना, खाना-खुना, धोना-धाना, पूछ-ताछ इत्यादि
अव्यय – आमने-सामने, आस-पास इत्यादि।
3 – अनुकरण वाचक पुनरुक्ति – वे शब्द जो किसी खास प्रकार की ध्वनि को दर्शाने के लिए पुनरुक्ति किए जाते हैं, उन्हे अनुकरण वाचक पुनरुक्ति शब्द कहा जाता है।
जैसे – जल कलकल बहता है।
पक्षी चहचहाते हैं।
दूसरे शब्दों में कहा जा सकता है कि किसी वस्तु की वास्तविक अथवा काल्पनिक ध्वनि को ध्यान में रखकर जो शब्द कहे जाते हैं, उन्हें अनुकरणवाचक शब्द कहते हैं।
जैसे – खटपट, गड़गड़ाहट, छमछम, धड़ाधड़ इत्यादि।
साधारण शब्दों में पुनरुक्त शब्दों की रचना के उदाहरण –
- संज्ञा शब्द की पुनरुक्ति से – गाँव-गाँव, शहर-शहर, बस्ती-बस्ती, घर-घर, द्वार-द्वार, पानी-पानी इत्यादि।
- सर्वनाम शब्द की पुनरुक्ति से – अपना-अपना, पराया-पराया, किसी-किसी, कुछ-कुछ, कोई-कोई, जो-जो इत्यादि।
- विशेषण शब्द की पुनरुक्ति से – काले-काले, गोरे-गोरे, लाल-लाल, पीला-पीला, मोटे-मोटे इत्यादि।
- क्रिया शब्द की पुनरुक्ति से – आइए-आइए, जाइए-जाइए, खाते-खाते, हँसते-हँसते, लिखते-लिखते, पढ़ते-पढ़ते इत्यादि।
- क्रियाविशेषण शब्द की पुनरुक्ति से – ऊपर-ऊपर, नीचे-नीचे, आगे-आगे, पीछे-पीछे, धीरे-धीरे, जल्दी-जल्दी इत्यादि।
- विस्मयादिबोधक शब्द की पुनरुक्ति से – अरे-अरे, हाय-हाय, छिः-छिः, वाह-वाह इत्यादि।
- शब्दों के बीच-का, के, ही रखने से – गाँव-का-गाँव, गाँव-के-गाँव, गाँव-ही-गाँव, शहर-का-शहर, शहर-के-शहर, शहर-ही-शहर, आप-ही-आप, मन-ही-मन इत्यादि।
Questions on Punarukti Shabd
प्रश्न 1 – पुनरुक्ति शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर – पुनरुक्ति शब्द दो शब्दों के योग से बना है – पुनः + उक्ति = पुनरुक्ति। पुनरुक्ति का अर्थ होता है – आवृति, पुनरावृति या दोहराना। साधारण शब्दों में कहा जाए तो एक ही शब्द को फिर से कहने या दुबारा कहने को पुनरावृति या पुनरुक्ति कहते हैं। जब एक ही शब्द वाक्य में दो बार प्रयुक्त होता है और विशेष अर्थ दर्शाता है तो उसे पुनरुक्त शब्द कहते हैं। जैसे – बार-बार, धीरे-धीरे, वाद-विवाद, चलना-फिरना इत्यादि।
प्रश्न 2 – पुनरुक्ति शब्द के कोई तीन उदाहरण लिखिए।
उत्तर – पुनरुक्ति शब्द के कोई तीन उदाहरण-
1. जल्दी-जल्दी विद्यालय चलो।
2. सुबह-सवेरे घूमना सेहत के लिए अच्छा होता है।
3. बच्चे जोकर को देखकर हँसते-हँसते लोट-पोट हो गए।
प्रश्न 3 – यह घर-घर की एक कहानी है। वाक्य किस पुनरुक्ति का उदाहरण है?
उत्तर – संज्ञा पुनरक्ति
प्रश्न 4 – पुनरुक्ति शब्द के कितने प्रकार हैं?
उत्तर – पुनरक्ति मुख्यतः तीन प्रकार की होती है –
1 – पूर्ण पुनरुक्ति
2 – अपूर्ण पुनरक्ति
3 – अनुकरण वाचक पुनरुक्ति
प्रश्न 5 – पूर्ण पुनरुक्ति किसे कहते हैं?
उत्तर – जब वाक्य में एक ही प्रकार के सार्थक शब्द की आवृत्ति होती है, तब उसे पूर्ण पुनरुक्ति कहा जाता है। अथवा किसी भी शब्द के लगातार एक, दो या तीन बार दोहराए जाने को पूर्ण पुनरुक्ति कहा जाता है।
जैसे – धीरे-धीरे, चल-चल, दौड़ते-दौड़ते, खाते-खाते, सुन्दर-सुन्दर, मोटा-मोटा इत्यादि।
कभी-कभी शब्दों की पुनरुक्ति के साथ-साथ उनके बीच में ‘ही’ का प्रयोग होता है।
जैसे – दूध-ही-दूध, आग-ही-आग, जंगल-ही-जंगल, बातों-ही-बातों में, मन-ही-मन में इत्यादि।
प्रश्न 6 – नन्हीं-नन्हीं बूंदें बरस रही है। वाक्य किस पुनरुक्ति का उदाहरण है?
उत्तर – पूर्ण पुनरुक्ति।
प्रश्न 7 – पूर्ण पुनरुक्ति के कुछ शब्द लिखिए।
उत्तर – जय-जय, गिर-गिर, दौड़ते दौड़ते, पीछे-पीछे, रोते-रोते इत्यादि।
प्रश्न 8 – अपूर्ण पुनरक्ति को परिभाषित कीजिए।
उत्तर – जब वाक्य में भिन्न प्रकार के सार्थक या निरर्थक शब्दों की आवृत्ति होती है, तब अपूर्ण पुनरुक्ति होती है। अथवा ऐसे शब्द दो सार्थक शब्दों के मेल से बनते हैं परन्तु जिनमें कभी-कभी उत्तरपद निरर्थक होता है, फिर भी उत्तरपद पहले का समानुप्रास होता है।
जैसे – आमनेसामने, आसपास, उलटापुलटा, टेढ़ामेढ़ा, टालमटोल, देखभाल, पूछताछ इत्यादि।
प्रश्न 9 – घर पर सब कुशल-मंगल हैं। वाक्य किस पुनरक्ति का उदाहरण है ?
उत्तर – अपूर्ण पुनरक्ति
प्रश्न 10 – अपूर्ण पुनरक्ति के कुछ शब्द लिखिए।
उत्तर – हंसते-बोलते, कुशल-मंगल, टालमटोल, पूछताछ इत्यादि।
प्रश्न 11 – अपूर्ण पुनरक्ति के कितने प्रकार हैं?
उत्तर – अपूर्ण पुनरक्ति तीन प्रकार से होती है –
(i) दो सार्थक शब्दों के मेल से
(ii) दो निरर्थक शब्दों के मेल से
(iii) एक सार्थक और दूसरा निरर्थक शब्दों के मेल से
प्रश्न 12 – अनुकरण वाचक पुनरुक्ति को परिभाषित कीजिए।
उत्तर – वे शब्द जो किसी खास प्रकार की ध्वनि को दर्शाने के लिए पुनरुक्ति किए जाते हैं, उन्हे अनुकरण वाचक पुनरुक्ति शब्द कहा जाता है। अथवा किसी वस्तु की वास्तविक अथवा काल्पनिक ध्वनि को ध्यान में रखकर जो शब्द कहे जाते हैं, उन्हें अनुकरणवाचक शब्द कहते हैं।
जैसे – खटपट, गड़गड़ाहट, छमछम, धड़ाधड़ इत्यादि।
प्रश्न 13 – दो सार्थक शब्दों के मेल से किस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति वाले शब्द बनते है?
उत्तर – बाल-बच्चे, काम-काज, बीच-बचाव, काला-कलूटा, अन्धा-काना, गूंगा-बहरा, खाना-पीना, लेना-देना, इधर-उधर, जैसे-तैसे, जहाँ-तहाँ, आर-पार, जब-तब इत्यादि।
प्रश्न 14 – दो निरर्थक शब्दों के मेल से किस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति वाले शब्द बनते है?
उत्तर – अंट-शंट, अगड़म-बगड़म, अटर-पटर, हट्टा-कट्टा, उजुल-फुजूल इत्यादि।
प्रश्न 15 – एक सार्थक और दूसरा निरर्थक शब्दों के मेल से किस तरह की अपूर्ण पुनरक्ति वाले शब्द बनते है?
उत्तर – टाल-मटोल, पूछ-ताछ, बात-चीत, भीड़-भाड़, ठीक-ठाक, टेड़ा-मेढ़ा, भोला-भाला, उल्टा-पुल्टा, चलना-फिरना, खाना-खुना, आमने-सामने, आस-पास इत्यादि।
Exercises on Punarukti Shabd – Practice Questions
प्रश्न 1 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
नन्ही-नन्ही बूंदें बरस रही है।
प्रश्न 2 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
बच्चों ने सभी चीजों को—————–कर दिया। (उलट-पुलट)
प्रश्न 3 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
हमने सोचा बर्तन में पानी होगा परन्तु उसमें —————–था। (दूध-दूध)
प्रश्न 4 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
छोटे बच्चे रोते-रोते हंस देते हैं।
प्रश्न 5 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
बाजार में भिन्न-भिन्न प्रकार की वस्तुएँ मिलती हैं।
प्रश्न 6 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
बगीचे में अलग-अलग तरह के फूल खिले हैं।
प्रश्न 7 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
बाढ़ के कारण चारों और ————– भर गया। (पानी-पानी)
प्रश्न 8 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
रमेश —————- सच बोल बैठा। (बात-बात)
प्रश्न 9 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
बिना काम-धाम के आजीविका कमाना संभव नहीं है।
प्रश्न 10 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
कौआ काँव-काँव करता है।
प्रश्न 11 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
कृष्ण —————– राधा का अत्यधिक सम्मान करते हैं। (मन-मन)
प्रश्न 12 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
————– करना बहुत बुरी बात है। (लड़-झगड़)
प्रश्न 13 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
कबूतर ———— करता है। (गुटर)
प्रश्न 14 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
केवल ———— सोचने से कोई सफल नहीं होता। (मन-मन)
प्रश्न 15 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
किसी को काला- कलूटा कहना बहुत बुरी बात है।
प्रश्न 16 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
तुम अपनी फटफ़टिया को जरा दूर रखो।
प्रश्न 17 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
कपड़ा फड़फड़ाता है।
प्रश्न 18 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
तालियों की ————-से पूरा हॉल गूंज उठा। (गड़-गड़)
प्रश्न 19 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
युद्ध में ————–मिसाईलें दागी जा रही थी।(दन-दन)
प्रश्न 20 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
रात में कोई दरवाजा खट-खटा रहा था। (खट-खट)
प्रश्न 21 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
वह बेचारा बचपन से ही अन्धा-काना है।
प्रश्न 22 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
जलियावाला बाग़ में ठांय-ठांय गोलियाँ चल रही थी।
प्रश्न 23 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
उसका भाई बचपन से गूंगा-बहरा नहीं था।
प्रश्न 24 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
हमारे शहर में पिछले कई दिनों से ————वर्षा हो रही है।(झम-झम )
प्रश्न 25 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
क्या वह अपनी ————–पूरी कर चूका है।(पढ़-लिख)
प्रश्न 26 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
दो देशों के युद्ध में तीसरा देश अवश्य बीच बचाव करने की कोशिश करता है।
प्रश्न 27 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
————– पक्षियों की आवाज़ मन को सुकून देती है। (सांझ सवेरा)
प्रश्न 28 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
रात की शांति में पेड़ों की पतियों की —————- साफ सुनाई देती है। (सरसराना)
प्रश्न 29 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
बड़े शहरों में बड़ी ऊंची ऊंची इमारतें होती है।
प्रश्न 30 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
हम दोनों ने ये रास्ता साथ साथ चलते हुए काट दिया।
प्रश्न 31 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
पढ़ते पढ़ते अक्सर विद्यार्थियों का मन खेल की ओर आकर्षित हो जाता है।
प्रश्न 32 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
जीवन में सफल होने के लिए —————— आवश्यक है। (पढ़ना-लिखना)
प्रश्न 33 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
बरसात में बारिश ———– बरसती है। (छम-छम)
प्रश्न 34 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
बादलों की गड़गड़ाहट बहुत भयानक होती है।
प्रश्न 35 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
पिता ने जैसे तैसे पैसों का इंतजाम करके बेटे को पढ़ाया।
प्रश्न 36 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
घोड़ा दर्द की वजह से —————- रहा था। (हिन हिन)
प्रश्न 37 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
नानी ने ———— मुझे सफलता प्राप्ति का आशीर्वाद दिया। (जा-जाकर)
प्रश्न 38 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
अपराधी अपनी फाँसी से बचने के लिए जज साहब के आगे —————– । (गड़-गड़)
प्रश्न 39 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
लोग अपने स्वार्थ के लिए जंगलों को ————— काट रहे हैं। (धड़-धड़)
प्रश्न 40 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
बच्चों को विद्यालय से इतना काम होता है कि लिखते लिखते उनकी उँगलियाँ दर्द होने लगती हैं।
प्रश्न 41 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
बच्चे खेलने जाने के लिए फटा-फट पढ़ाई समाप्त कर देते हैं।
प्रश्न 42 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
पेड़ों के पत्तों की सनसनाहट रात्रि में डरा देने वाली ध्वनि लगती है।
प्रश्न 43 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
मेरा मित्र बचपन से ही बड़ा ————- था। (काला काला)
प्रश्न 44 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
आज बिना बारिश ही बादलों की —————– सुनाई दे रही है। (गड़-गड़)
प्रश्न 45 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
फूलों के पास कीटों की ———— सुनाई पड़ ही जाती है। (भन-भन)
प्रश्न 46 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और भेद लिखिए।
जो व्यक्ति कौड़ी कौड़ी का हिसाब रखता हो उसे उल्लू नहीं बनाया जा सकता।
प्रश्न 47 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए और प्रकार लिखिए।
दुर्घटना के कारण वाहन के अंजर-पंजर ढीले हो गए।
उत्तर – अंजर-पंजर, अनुकरण वाचक पुनरक्ति
प्रश्न 48 – नीचे दिए गए वाक्य में पुनरुक्ति शब्द को पहचानिए।
दुनिया में सब बुरे नहीं होते, बस किसी किसी का स्वभाव बुरा होता है।
प्रश्न 49 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
अमीर दोस्त ने अपने गरीब दोस्त का मजाक बनाने के लिए उसके वाहन को ——————— कहा। (खट-पट)
प्रश्न 50 – रिक्त स्थान में पुनरुक्ति शब्द का सही रूप लिखिए।
हर पिता का सपना होता है कि वह अपनी बेटी की शादी ————– से करे। (जोर जोर)
Answers-
उत्तर 1 – नन्ही-नन्ही, पूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 2 – उलटा पुलटा
उत्तर 3 – दूध-ही-दूध
उत्तर 4 – रोते-रोते , पूर्ण पुनरुक्ति।
उत्तर 5 – भिन्न-भिन्न।
उत्तर 6 – अलग-अलग, पूर्ण पुनरुक्ति।
उत्तर 7 – पानी-ही-पानी
उत्तर 8 – बातों-ही-बातों में
उत्तर 9 – काम-धाम
उत्तर 10 – काँव-काँव, अनुकरणवाचक शब्द
उत्तर 11 – मन-ही-मन में
उत्तर 12 – लड़ाई -झगड़ा
उत्तर 13 – गुटरगूँ
उत्तर 14 – मन-ही-मन
उत्तर 15 – काला- कलूटा, अपूर्ण पुनरक्ति
उत्तर 16 – फटफ़टिया
उत्तर 17 -फड़फड़ाता, अनुकरणवाचक शब्द
उत्तर 18 – गड़-गड़ाहट
उत्तर 19 – दना-दन
उत्तर 20 – खट-खटा
उत्तर 21 -अन्धा-काना, अपूर्ण पुनरक्ति
उत्तर 22 – ठांय-ठांय, अनुकरणवाचक शब्द
उत्तर 23 – गूंगा-बहरा
उत्तर 24 – झमा-झम
उत्तर 25 – पढ़ाई-लिखाई
उत्तर 26 – बीच बचाव, अपूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 27 – सांझ सवेरे
उत्तर 28 – सरसराहट
उत्तर 29 – ऊंची ऊंची, पूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 30 – साथ साथ
उत्तर 31 -पढ़ते पढ़ते, पूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 32 – पढ़ाई-लिखाई
उत्तर 33 – छमा-छम
उत्तर 34 – अनुकरण वाचक पुनरक्ति
उत्तर 35 – जैसे तैसे, अपूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 36 – हिनहिना
उत्तर 37 – जाते-जाते
उत्तर 38 – गिड़गिड़ाया
उत्तर 39 – धड़ाधड़
उत्तर 40 – लिखते लिखते, पूर्ण पुनरुक्ति \
उत्तर 41 – फटा-फट
उत्तर 42 – सनसनाहट, अनुकरण वाचक पुनरक्ति
उत्तर 43 – काला कलुटा
उत्तर 44 – गुड़गुड़ाहट
उत्तर 45 – भनभनाहट
उत्तर 46 – कौड़ी कौड़ी, पूर्ण पुनरुक्ति
उत्तर 47 – अंजर-पंजर, अनुकरण वाचक पुनरक्ति
उत्तर 48 -किसी किसी
उत्तर 49 – खटपटिया
उत्तर 50 – जोर-शोर
Conclusion
इस लेख में हिंदी व्याकरण कक्षा 8 के अनुसार पुनरुक्ति शब्द की परिभाषा , उदाहरण , प्रकार , कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न उत्तर व् कुछ अभ्यास के लिए प्रश्नोत्तर दिए गए हैं। यह लेख विद्यार्थियों की परीक्षा हेतु सहायक है।
Also See: